कैराना उपचुनाव : मायावती के बाद अब अखिलेश यादव ने अजित सिंह से की गठबंधन पर बात, कैंडिडेट का नाम भी लगभग तय !!

अजित सिंह, अखिलेश यादव और मायावती !
uttar-pradesh news | Date: 05-May-2018 | 15:58:24
05 मई 2018,
मेरठ !!
कैराना लोकसभा उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने हाथ मिला लिया है। 28 मई को यहां होने वाले उपचुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन पर बात बन गई है। खबर है कि कैराना के अलावा नूरपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी कैंडिडेट का नाम तय हो गया है। अब बस ऐलान की औपचारिकता बाकी रह गई है।
फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में मायावती की पार्टी BSP की मदद से जीत दर्ज करने के बाद वेस्ट यूपी में भी SP मुखिया और यूपी के CM अखिलेश यादव ने बड़ा दांव खेला है। अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रही चौधरी अजित सिंह की पार्टी RLD से SP ने कैराना और नूरपुर उपचुनाव के लिए गठबंधन किया है। इसके तहत कैराना लोकसभा सीट RLD उम्मीदवार के हिस्से में आएगी, जबकि नूरपुर में SP उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा।
RLD से लड़ेंगी तबस्सुम, नूरपुर से नइमुल का नाम !
बताया जा रहा है कि SP नेता तबस्सुम हसन RLD के सिंबल से कैराना लोकसभा सीट से मैदान में उतरेंगी। 2009 के लोकसभा चुनाव में तबस्सुम इसी सीट से जीत चुकी हैं। इसके अलावा नूरपुर सीट से SP, नइमुल हसन का नाम लगभग तय कर चुकी है।
भाजपा सांसद हुकम सिंह के निधन के बाद कैराना सीट खाली हुई थी। माना जा रहा है कि सहानुभूति का लाभ लेने के लिए भाजपा उनकी बेटी मृगांका सिंह को कैंडिडेट बनाने की तैयारी में है। वहीं, बिजनौर जिले की नूरपुर विधानसभा सीट भाजपा विधायक लोकेंद्र सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई थी। दोनों सीटों पर 28 मई को मतदान है, जबकि वोटों की गिनती 31 मई को होगी।
ऐसे साधेंगे समीकरण !
सियासी जानकारों की मानें तो अजित सिंह तबस्सुम को आगे कर चौधरी चरण सिंह के वक्त के जाट-मुस्लिम समीकरण को साधना चाहते हैं। इसके जरिए 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे के बाद जाट-मुस्लिम के बीच पैदा हुई खाई को भरने की कोशिश होगी। इसके लिए अजित और जयंत दो महीने से सद्भावना मुहिम चला रहे थे। अमीर आलम समेत कई मुस्लिम नेताओं को उन्होंने RLD में शामिल भी किया है।
इस सीट पर विपक्षी एकता के बाद RLD अब वेस्ट यूपी में 2019 के लिए चार सीटों पर मजबूत दावा करेगी। जयंत को इस बार अजित सिंह अपनी सीट बागपत से लड़ाएंगे। खुद उनका मुजफ्फरनगर से लड़ने का प्लान है। इसी के साथ बिजनौर और कैराना पर भी दावा रहेगा। लेकिन इसका खतरा तबस्सुम के आने के बाद भाजपा के पक्ष में ध्रुवीकरण के रूप में भी सामने आ सकता है।
कैराना का जातीय समीकरण !
कैराना लोकसभा क्षेत्र में लगभग 17 लाख मतदाता हैं। इनमें तीन लाख मुसलमान, लगभग चार लाख पिछड़े और करीब डेढ़ लाख वोट जाटव दलितों के हैं, जो BSP का परंपरागत वोट बैंक माना जाता है। यहां यादव मतदाताओं की संख्या कम है ऐसे में यहां दलित और मुस्लिम मतदाता खासे महत्वपूर्ण हो जाते हैं। इस क्षेत्र में हसन परिवार का खासा राजनीतिक दबदबा माना जाता रहा है।
वर्ष 1996 में इस सीट से SP के टिकट पर सांसद चुने गए मुनव्वर हसन की पत्नी तबस्सुम बेगम वर्ष 2009 में इस सीट से संसद जा चुकी हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में इस परिवार में टूट हुई थी। तब मुनव्वर के बेटे नाहिद हसन SP के टिकट पर और उनके चाचा कंवर हसन BSP के टिकट पर चुनाव लड़े थे लेकिन दोनों को पराजय का सामना करना पड़ा था। हालांकि नाहिद दूसरे स्थान पर रहे थे।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस सीट पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) भी प्रभावी रहा है और वर्ष 1999 तथा 2004 के लोकसभा चुनाव में उसके प्रत्याशी यहां से सांसद रह चुके हैं। RLD ने गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में विपक्ष का साथ दिया था। अगर SP और BSP के साथ RLD का वोट भी जुड़ जाता है, तो भाजपा के लिये मुश्किल और बढ़ सकती है। भाजपा ने करीब दो साल पहले कैराना से बहुसंख्यक वर्ग के परिवारों के ‘पलायन’ का मुद्दा उठाया था।
हुकुम सिंह की बेटी को उतारेगी भाजपा ?
भाजपा ने पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव के लिए जारी अपने घोषणापत्र में इसे एक अहम मुद्दे के तौर पर शामिल किया था, लेकिन वह भाजपा के लिए फलीभूत नहीं हुआ था और कैराना विधानसभा सीट से हुकुम सिंह की बेटी भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा था। ऐसी अटकलें लगायी जा रही हैं कि उपचुनाव में भाजपा एक बार फिर हुकुम सिंह की बेटी मृगांका को मैदान में उतार सकती है,
क्योंकि इससे उन्हें सहानुभूति वोट भी मिल सकते हैं। कैराना लोकसभा सीट पिछले कई साल से अलग-अलग राजनीतिक दलों के खाते में जाती रही है। 1996 में SP, 1998 में भाजपा, 1999 और 2004 में राष्ट्रीय लोकदल, 2009 में SP और 2014 में भाजपा का इस पर कब्जा रहा। अब यह सीट किसकी झोली में जाएगी, इस पर सभी की नजरें होंगी।
पॉपुलर न्यूज़
फोटो न्यूज़
- उत्तर प्रदेश:लखनऊ|कानपुर | आगरा |बरेली |मेरठ |मुरादाबाद |इलाहाबाद |वाराणसी
- उत्तराखंड:देहरादून |हरिद्वार |रुद्रपुर |नैनीताल |अल्मोड़ा | पिथौरागढ़ | पौड़ी गढ़वाल | टेहरी गढ़वाल
- दुनिया : चीन |पाकिस्तान |अमेरिका |ऑस्ट्रेलिया |जापान |ब्रिटेन |बांग्लादेश |श्रीलंका |रूस |उत्तर कोरिया |अन्य
- खेल : हॉकी | क्रिकेट | कब्बडी | बैडमिंटन | टेनिस | एथलेटिक्स | फुटबॉल
- मनोरंजन : मूवी | छोटा पर्दा | हॉलीवुड | गॉसिप्स | फनी वीडियोस | जोक्स
- लाइफस्टाइल : फैशन | गैजेट्स | बाइक | फोर व्हीलर | गार्डन | ब्यूटी टिप्स
- चिकित्सा : आयुर्वेद | अलोपथी | होम्योपथी | यूनानी | घरेलू नुस्खा
Follow Us
Subscribe To Our Newsletter
Copyright © 2018 - All Rights Reserved - Khabar 7
Powered By Siabak Creativo